शुक्रवार, 01 फ़रवरी, 2008 को 03:48 GMT तक के समाचार
दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के फूलपुर से सांसद अतीक़ अहमद को गिरफ़्तार कर लिया है. उन पर एक विधायक की हत्या का मामला चल रहा है.
बाहुबली सांसद अतीक़ अहमद ने वर्ष 2004 में समाजवादी पार्टी (सपा) के टिकट पर लोकसभा का चुनाव जीता था लेकिन बाद में पार्टी ने उन्हें निष्काषित कर दिया.
दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने शुक्रवार तड़के अतीक़ अहमद को दिल्ली के पीतमपुरा इलाक़े से गिरफ़्तार कर लिया.
उत्तर प्रदेश पुलिस पिछले छह महीनों से उन्हें ढूंढ रही थी. फ़रार घोषित किए जाने के बाद उन पर बीस हज़ार रूपए का इनाम भी घोषित किया गया था.
अतीक़ अहमद पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक राजू पाल की हत्या करवाने का आरोप है.
इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने अदालत से उनके ख़िलाफ़ ग़ैर ज़मानती वारंट हासिल किया था.
अतीक़ अहमद ने आरोप लगाया था कि उन्हें उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती से जान का ख़तरा है और इसीलिए वो राज्य में आत्मसमर्पण नहीं कर रहे हैं.
दूसरी ओर मायावती ने कांग्रेस पार्टी पर अतीक़ अहमद को संरक्षण देने का आरोप लगाया था.
अतीक़ अहमद के ख़िलाफ़ हत्या, हत्या की साजिश और अपहरण के कई मामले दर्ज हैं.