मंगलवार, 29 जनवरी, 2008 को 10:36 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में अधिकारियों ने कहा है कि पश्चिमोत्तर सीमा प्रांत में एक मिसाइल हमले में कम से कम 12 संभावित चरमपंथी मारे गए हैं.
एक स्थानीय अधिकारी ने कहा कि यह हमला उत्तरी वज़ीरिस्तान के खुशाली तोरिखेल गाँव में आधी रात के समय हुआ.
पाकिस्तानी सेना के अनुसार इस बीच दक्षिण वज़ीरिस्तान में सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच हुई लड़ाई में एक पाकिस्तानी सैनिक की मौत हो गई.
यह लड़ाई बानू ज़िले में हथियारबंद चरमपंथियों के स्कूली बच्चों को बंधक बनाने और उन्हें छोड़ देने के एक दिन बाद हुई.
समाचार एजेंसी एएफ़पी ने एक स्थानीय अधिकारी के हवाले से बताया कि सोमवार रात को एक अज्ञात दिशा से एक मिसाइल आई जिसने एक घर को ध्वस्त कर दिया. इस हमले में 12 लोग मारे गए.
एजेंसी के मुताबिक, गुप्तचर अधिकारियों ने कहा कि मारे गए लोग तालेबान समर्थक चरमपंथी थे लेकिन स्थानीय निवासियों ने कहा कि मारे गए लोग क़बायली थे जो मीर अली कस्बे के बाहरी इलाके में स्थित एक गाँव में एक स्थानीय बुज़ुर्ग के घर पर ठहरे हुए थे.
एक सैनिक की मौत
सेना ने कहा कि इस बीच दक्षिण वज़ीरिस्तान क्षेत्र में शीशमवन गाँव में ताज़ा लड़ाई होने का पता लगा है. इस लड़ाई में एक सैनिक की मौत हो गई.
पाकिस्तानी सेना ने एक बयान में कहा कि मंगलवार को हुई लड़ाई में कितने लोग मारे गए हैं, इस बारे में पता नहीं लग सका है.
उन्होंने कहा कि सैनिकों ने क्षेत्र से 12 चरमपंथियों को गिरफ़्तार किया है और सैनिकों ने शीशमवन क्षेत्र में मोर्चा संभाल लिया है.