http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 29 जनवरी, 2008 को 19:49 GMT तक के समाचार

बसपा के तीन सांसदों की सदस्यता समाप्त

उत्तर प्रदेश से बहुजन समाज पार्टी के तीन लोक सभा सदस्यों को समाजवादी पार्टी में दलबदल करने के कारण संसद की सदस्यता से अयोग्य क़रार दिया गया है.

लोक सभा अध्यक्ष ने ख़लीलाबाद से सांसद भालचंद्र यादव, आजमगढ़ से सांसद रमाकांत यादव और मोहम्मद शाहिद अख़लाक़ को अयोग्य घोषित किया है.

इसके साथ उनकी सीटें खाली हो गई हैं जिनका वे प्रतिनिधित्व करते थे.

भालचंद्र यादव, रामकांत यादव और मोहम्मद शाहिद अख़लाक़ बहुजन समाज पार्टी छोड़कर 2006 में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे.

इनके ख़िलाफ़ बसपा ने शिकायत करते हुए उनकी संसद से सदस्यता ख़त्म करने की मांग की थी.

इन सांसदों को अयोग्य ठहराए जाने के लिए बसपा ने दलबदल विरोधी क़ानून के तहत आवेदन किया था.

पार्टी ने इस बात को आधार बनाया था कि इन तीनों सांसदों ने स्वेच्छा से बसपा की सदस्यता छोड़ दी थी और नवंबर और दिसंबर 2006 में समाजवादी पार्टी की सदस्यता स्वीकार कर ली थी.

सन् 1985 में भारत में दलबदल विरोधी क़ानून लागू होने के बाद से ये सांसदों को अयोग्य ठहराए जाने का तीसरा मामला है.