http://www.bbcchindi.com

रविवार, 27 जनवरी, 2008 को 01:34 GMT तक के समाचार

अफ़ग़ानिस्तान ने नए दूत का विरोध किया

अफ़ग़ानिस्तान ने स्पष्ट किया है कि वो ब्रितानी राजनयिक लॉर्ड पैडी एशडाउन को काबुल में संयुक्त राष्ट्र का दूत नियुक्त करने के पक्ष में नहीं है.

लॉर्ड एशडाउन यूरोपीय संघ के दूत के रुप में वर्ष 2002 से 2005 के बीच बोस्निया में रह चुके हैं.

संयुक्त राष्ट्र में अफ़ग़ानिस्तान के राजदूत ज़हीर तनीन ने बीबीसी को बताया कि भले ही एशडाउन को बड़े सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है लेकिन उनका देश उनका समर्थन नहीं करता है.

तनीन ने कहा कि वो उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नैटो) के जनरल जॉन मैक्कॉल को यह ज़िम्मेदारी देने के पक्ष में हैं.

जॉन मैक्कॉल फिलहाल यूरोप में नैटो के उप कमांडर हैं. तनीन ने कहा कि उन्हें ये जानकर आश्चर्य हुआ कि ब्रिटिश मीडिया इस तरह की ख़बरें दे रही हैं कि एशडाउन को अफ़ग़ानिस्तान में दूत बनाकर भेजने का फ़ैसला लिया गया है.

लॉर्ड एशडाउन ने पूरे प्रकरण पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

ज़हीर तनीन का कहना था, "ये सोचने की ज़रूरत है कि कौन ज़्यादा मददगार साबित होगा और कौन अफ़ग़ान सरकार के साथ बढ़िया तरीके से कामकाज कर सकता है."

पिछले दिनों अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने हिंसाग्रस्त हेलमंद प्रांत में तैनात बिटिश सेना की भूमिका की आलोचना की थी.