http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 26 जनवरी, 2008 को 11:46 GMT तक के समाचार

दिल्ली के पाँच सितारा होटल में आग

भारत की राजधानी दिल्ली के एक होटल में शनिवार को भीषण आग लगने से अफ़रातफरी फैल गई. हालाँकि आग से किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.

अधिकारियों ने बताया कि होटल को लोगों से पूरी तरह खाली करा लिया गया है.

समाचार एजेंसियों ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के हवाले से कहा है कि दोपहर को राजधानी के वसंत कुंज इलाक़े में स्थित होटल ग्रैंड के भूतल स्थित रेस्तरां में आग लगी.

जल्द ही आग ने भीषण रूप ले लिया और आग ने पहली मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया.

देखते ही देखते होटल परिसर में चारों तरफ धुआँ ही धुआँ फैल गया.

लगभग 35 दमकलों को आग बुझाने के काम में लगाया गया. तकरीबन दो-ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया गया है.

दिल्ली के मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरसी शर्मा ने कहा कि आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं लग सका है और जाँच के बाद ही वजह स्पष्ट हो सकेगी.