http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 25 जनवरी, 2008 को 13:56 GMT तक के समाचार

श्रीलंका में 16 अज्ञात शव बरामद

श्रीलंका के अनुराधापुरा ज़िले में दो क़ब्रो में 16 अज्ञात शव बरामद होने के मामले की पुलिस जांच शुरू हो गई है.

अनुराधापुरा ज़िला श्रीलंका सरकार के नियंत्रण में आता है और इसी इलाक़े में एक दूर-दराज़ के जंगल में ये शव बरामद हुए है.

श्रीलंका सेना के एक प्रवक्ता का कहना है कि मृतकों को मारने से पहले यातनाएं दी गई थीं और इसके लिए सेना ने तमिल विद्रोही संगठन एलटीटीई को ज़िम्मेदार ठहराया है.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि दो साल पहले सेना और तमिल विद्रोहियों के बीच लड़ाई फिर शुरू होने के बाद से ही श्रीलंका में इस तरह से शव बरामद होने की घटनाएं बढ़ रहीं हैं.

हालांकि दोनो पक्षों ने मानवाधिकारों के उल्लंघन से इंकार किया है.

अज्ञात शव

ये शव गुरूवार को तब बरामद हुए जब एक ग्रामीण जंगल में जा रहा था और उसने देखा कि कुछ स्थानों पर मिट्टी ताज़ी खुदी हुई है. संदेह होने पर उसने मिट्टी हटाकर देखा तो पाया कि वहाँ शवों को दबाया गया था.

सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर उदय ननयाक्कारा ने बताया कि दो क़ब्रों से कुल 16 शव बरामद हुए हैं.

एक शव महिला का है जबकि शेष पुरूषों के थे और कईं शवों के हाथ पीछे से बांधे गए थे.

श्रीलंकाई सरकार उन आरोपो को ख़ारिज करती रही है जिनमें कहा जाता है कि तमिल विद्रोहियों से संबंध होने के संदेह में सुरक्षा बल कई लोगों की हत्या कर चुके हैं.

ऐसे ही कई आरोप अल्पसंख्यक तमिल विद्रोही संगठन एलटीटीई ने भी लगाए हैं.

श्रीलंका सरकार और तमिल विद्रोहियों के बीच पिछले दो सालों में संघर्ष तेज़ हुआ है.