शुक्रवार, 25 जनवरी, 2008 को 21:42 GMT तक के समाचार
श्रीलंका में तमिल विद्रोहियों की संस्था एलटीटीई के बाग़ी नेता कर्नल करुणा को ग़लत पहचान पत्र रखने के आरोप में ब्रिटेन में नौ महीने जेल की सज़ा सुनाई गई है.
पिछले साल कर्नल करुणा को लंदन में गिरफ़्तार किया गया था.
उनके पास श्रीलंका का वैध कूटनीतिक पासपोर्ट था लेकिन वह किसी और नाम से जारी किया गया था.
शुक्रवार को कर्नल करुणा ने अदालत में कहा कि श्रीलंका सरकार से उन्हें यह झूठा पासपोर्ट मिला था.
उनका कहना था कि राष्ट्रपति महेंद्रा राजपक्षे के भाई और श्रीलंका के रक्षा सचिव ने उनके लिए पासपोर्ट का इंतज़ाम किया था.
कर्नल करुणा ने वर्ष 2004 में एलटीटीई से बग़ावत कर दी थी और इसके बाद से वह सेना के साथ काम कर रहे थे.
उन पर आरोप है कि एलटीटीई में रहते हुए और उससे बग़ावत करने के बाद भी वह लोगों को प्रताड़ित करते रहे, हत्याएँ कीं और अपनी 'फ़ौज' में बच्चों को भर्ती किया.
ब्रिटेन की मानवाधिकार संसथाएँ चाहती हैं कि कर्नल करुणा पर युद्धापराध का मुक़दमा भी चलना चाहिए.
हालांकि इन संस्थाओं का कहना है कि गवाह कर्नल करुणा के ख़िलाफ़ सामने नहीं आना चाहते.