गुरुवार, 24 जनवरी, 2008 को 06:32 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान की सेना ने दावा किया है कि उन्होंने वज़ीरिस्तान में चरमपंथियों को निशाना बनाकर हमले किए हैं जिसमें 40 चरमपंथी मारे जा चुके हैं.
सेना ने दावा किया है कि क़रीब 30 चरमपंथियों को बंधक बना लिया गया है.
सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि इस संघर्ष में आठ सैनिकों की मौत हो गई है और 32 अन्य घायल हो गए हैं.
वज़ीरिस्तान प्रांत में चरमपंथियों को निशाना बनाकर किए गए हमलों में सेना ने हैलीकॉप्टरों और तोपों से गोलाबारी का इस्तेमाल किया है.
अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे इस इलाके में तालेबान समर्थक चरमपंथियों का प्रभाव रहा है.
इस इलाके में पिछले दो दिनों से सेना और चरमपंथियों के बीच कड़ा संघर्ष चल रहा है.
सेना ने अपने बयान में बताया है कि पहले गोलाबारी करके चरमपंथियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया.
इस दौरान छिपने के ठिकानों ने सेना ने 30 चरमपंथियों को हिरासत में भी लिया है.
कड़ा संघर्ष
बताया जा रहा है कि संघर्ष के दौरान सेना के हमलों के जवाब में चरमपंथियों ने मिसाइलों का इस्तेमाल किया है.
उधर इस भीषण संघर्ष के कारण बड़ी तादाद में आम लोग यह इलाका छोड़कर मीलों दूर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं.
सेना ने इन लोगों के लिए अस्थाई शिविरों की व्यवस्था की है जहाँ इन लोगों के रुकने और भोजन की व्यवस्था की गई है.
बताया जा रहा है कि दक्षिणी वज़ीरिस्तान के इलाके में चरमपंथी नेता बैतुल्लाह ने भी अपना बेस बना रखा है और वहाँ से वो सेना के नियंत्रण वाले किलों पर हमले करवा रहा है.
पाकिस्तानी अधिकारियों ने बैतुल्लाह पर पिछले महीने पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है.