सोमवार, 21 जनवरी, 2008 को 03:55 GMT तक के समाचार
महाराष्ट्र में नासिक से लगभग 70 किलोमीटर दूर एक बस के खाई में गिर गई है. समाचार एजेंसियों ने पुलिस के हवाले से कहा है कि महिलाओं और बच्चों समेत 36 लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हो गए हैं.
समाचार एजेंसियों के अनुसार ये दुर्घटना रविवार देर रात तब हुई जब हिंदू श्रद्धालुओं की एक बस नासिक में स्थित सप्तश्रंगी मंदिर से नासिक शहर की ओर लौट रही थी.
पुलिस के मुताबिक ड्राइवर बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस लगभग 500 फ़ीट गहरी खाई में जा गिरी.
एक निजी कंपनी की इस बस में लगभग 76 श्रद्धालु सवार थे और लगभग सभी लोग मुंबई के निवासी थे.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने ज़िलाधीश एस चोकालिंगम के हवाले से कहा है कि घटनास्थल पर राहत काम चल रहे हैं और वहाँ लगभग आठ एंबुलेंस मौजूद हैं.
दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों को नासिक के सरकारी अस्पताल में रखा गया है.
पुलिस का कहना है कि घायल हुए लोगों को कलवान, नासिक और वानी के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.