http://www.bbcchindi.com

रविवार, 20 जनवरी, 2008 को 17:17 GMT तक के समाचार

बेनज़ीर हत्याकांड की जाँच में नया मोड़

पाकिस्तान पुलिस के मुताबिक गिरफ़्तार किए गए एक लड़के ने स्वीकार किया है कि वो उस टीम का हिस्सा था जिसे विपक्षी नेता बेनज़ीर भुट्टो की हत्या करने के लिए कहा गया था.

27 दिसंबर को बेनज़ीर की हत्या के बाद पहली बार इस मामले में किसी की गिरफ़्तारी हुई है.

सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि इस लड़के ने स्वीकार किया है कि वो उस रिज़र्व टीम का हिस्सा था जिसे बेनज़ीर की हत्या का पहला प्रयास विफल होने पर दोबारा हमला करना था.

लेकिन स्थानीय अख़बारों का कहना है कि जाँचकर्ता इस बालक के दावों का सावधानीपूर्वक अध्ययन कर रहे हैं.

अधिकारियों ने इस 15 वर्षीय लड़के का नाम सार्वजनिक नहीं किया है. इसे सरहदी सूबे से गिरफ़्तार किया गया था. उसके साथ एक और चरमपंथी को भी गिरफ़्तार किया गया जो उम्र में उससे बड़ा है.

बैतुल्ला का नाम

अधिकारियों के मुताबिक इस लड़के ने ये बताया है कि बेनज़ीर की हत्या के पीछे तालेबान कमांडर बैतुल्ला महसूद का हाथ था.

ग़ौरतलब है कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने भी बेनज़ीर की हत्या के लिए बैतुल्ला को ही ज़िम्मेदार ठहराया है.

यहाँ तक कि अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसी सीआईए ने भी अपनी जानकारी के आधार पर बैतुल्ला को ही हत्या के लिए ज़िम्मेदार ठहराया है.

पाकिस्तान के गृह सचिव कमाल शाह का कहना है कि अब जाँचकर्ता उस लड़के के साथ पकड़े गए दूसरे चरमपंथी से पूछताछ करेंगे.

हालाँकि बैतुल्ला के प्रवक्ता ने कहा था कि बेनज़ीर की हत्या से उनका कोई लेना-देना नहीं है और वो महिलाओं पर हमले करने में विश्वास नहीं रखते.