सोमवार, 14 जनवरी, 2008 को 16:30 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में स्थित एक जाने माने सेरेना होटल पर सोमवार को आत्मघाती हमला हुआ जिसमें कम से कम सात लोग मारे गए हैं.
ख़बरों के अनुसार मरनेवालों में चार विदेशी नागरिक हैं.
इस होटल का इस्तेमाल अफ़ग़ानिस्तान के दौरे पर आने वाले राजनयिक और अंतरराष्ट्रीय राहतकर्मी करते हैं.
अफ़ग़ानिस्तान सरकार के गृह मंत्रालय का कहना है कि हमले की शुरुआत होटल के गेट पर आत्मघाती हमले से हुई.
इसके बाद एक और धमाका हुआ और फिर गोलीबारी की गई.
होटल में ठहरे एक मेहमान ने बीबीसी को बताया कि पहले बड़ा धमाका हुआ जिसके बाद गोलीबारी हुई.
तालेबान का दावा
तालेबान के एक प्रवक्ता ने कहा है कि उनके चार लड़ाकों ने होटल पर हमला किया था.
तालेबान के प्रवक्ता ज़दीउल्ला मुजाहिद ने बीबीसी को बताया कि हमला करने वाले चारों तालेबान लड़ाके आत्मघाती हमलावर थे, उनके पास ग्रेनेड और कलाशनिकोव थे.
प्रवक्ता के मुताबिक चारों हमलावरों में से एक होटल में विस्फोटक उड़ाने में सफल रहा जबकि बाक़ी भाग गए. इस होटल में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम रहते हैं.
होटल में अफ़ग़ानिस्तान में नॉर्वे के राजदूत और नॉर्वे के दूतावास से कुछ लोग मौजूद थे. लेकिन उन्हें कोई नुक़सान नहीं पहुँचा है.
अफ़ग़ानिस्तान में काम करने वाले कई देशों के कार्यकर्ता भी इस होटल में ठहरते हैं.
पिछले महीने तालेबान ने काबुल मे दो आत्मघाती हमले किए थे.
पिछले साल दिसंबर में तालेबान ने दो आत्मघाती हमले किए थे जिसमें 13 लोग मारे गए थे.
इसके बाद काबुल के गवर्नर के घर पर रॉकेट हमला हुआ था जिसमें पाँच लोग मारे गए थे.