शुक्रवार, 04 जनवरी, 2008 को 12:54 GMT तक के समाचार
नारायण बारेठ
बीबीसी संवाददाता, जयपुर
भारत और पाकिस्तान के बीच थार एक्सप्रेस रेलगाड़ी का परिचालन शुक्रवार से बहाल हो जाएगा. बेनज़ीर की हत्या के बाद इसे रद्द कर दिया गया था.
ये ट्रेन भारतीय प्रांत राजस्थान के बाड़मेर ज़िले में मुनाबाव से पाकिस्तानी प्रांत सिंध के खोखरापार के बीच चलती है.
जोधपुर मंडल के रेल पबंधक एसके सूद ने बताया कि अब सीमा-पार की स्थिति में सुधार को देखते हुए रेल सेवा नियमित करने का फ़ैसला किया गया है.
इसके रद्द होने से पाकिस्तान जाने के इच्छुक लगभग दो सौ भारतीय यात्री पिछले एक हफ़्ते से फंसे हुए थे. इन यात्रियों ने अब राहत की साँस ली है.
इनकी वीज़ा अवधि भी समाप्त हो रही थी. हालाँकि सरकार ने यात्रियों का वीज़ा बढ़ाने की व्यवस्था की है.
रेल अधिकारियों ने बताया कि पहले उन यात्रियों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी वीज़ा अवधि जल्दी ख़त्म होने वाली है.
पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद पाकिस्तान में हिंसा फैल गई थी और पाकिस्तान रेलवे की तरफ़ से संदेश मिला था कि वहाँ हालात ठीक नहीं है इसलिए खोखरापार से ट्रेन नहीं आ सकती.
इसे देखते हुए भारत ने भी इसका परिचालन अनिश्चित काल के लिए रद्द कर दिया था.
यह ट्रेन हफ़्ते में एक बार दोनों देशों के यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुँचाती है.