बुधवार, 02 जनवरी, 2008 को 05:34 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में सेना की बस को निशाना बनाकर किए गए बम विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई है और बीस घायल हुए हैं.
सेना का कहना है कि धमाका सेना और वायुसेना मुख्यालय के पास हुआ है.
सेना की बस जैसे ही मुख्यालय के निकट एक होटल के पास से गुजरी, सड़क किनारे रखे गए बम में विस्फोट कर दिया गया.
सेना ने बम विस्फोट के पीछे तमिल विद्रोहियों यानी एलटीटीई का हाथ होने की आशंका जताई है.
सेना के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि हमले में क्लेमोर बारूदी सुरंग का इस्तेमाल किया गया है.
वर्ष 2002 में नार्वे की मध्यस्थता से एलटीटीई और श्रीलंका सरकार के बीच युद्धविराम पर सहमति बनी थी लेकिन दो साल पहले ये समझौता टूट गया.
तभी से तेज़ हुए संघर्ष में एक अनुमान के मुताबिक अब तक दोनों ओर से पाँच हजार लोग मारे गए हैं. जबकि 1983 से दोनों पक्षों के बीच जारी संघर्ष में लगभग 70 हजार लोगों ने अपनी जान गँवाई है.
एक दिन पहले ही तमिल सांसद टी महेश्वरन की राजधानी कोलंबो के एक हिंदू मंदिर में हत्या कर दी गई थी.
अधिकारियों ने बताया कि विपक्षी दल यूनाइटेड नेशनल पार्टी के सदस्य महेश्वरन को मंगलवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी और अस्पताल में उनकी मौत हो गई.