http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 02 जनवरी, 2008 को 09:01 GMT तक के समाचार

शिवराज पाटिल कंधमाल जाएँगे

केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल बुधवार को उड़ीसा के हिंसा प्रभावित कंधमाल ज़िले का दौरा करेंगे.

समाचार एजेंसियों के मुताबिक प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सांप्रदायिक हिंसा में बुरी तरह प्रभावित इलाक़ों का दौरा करने का गृह मंत्री शिवराज पाटिल को निर्देश दिया है.

पिछले हफ्ते उड़ीसा के कंधमाल ज़िले में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं और ईसाई संगठनों के बीच झड़पें हुई थीं.

प्रधानमंत्री ने कहा है कि देश में सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की किसी भी तरह की कोशिश से सख़्ती से निपटा जाएगा.

इसी बीच मंगलवार को राज्य सरकार ने ज़िले के एसपी का तबादला कर दिया है.

कंधामल ज़िले मे हुई हिंसा के बाद राज्य सरकार ने ज़िला के कलेक्टर का तबादला कर दिया था. साथ ही तीन अधिकारियों को भी बर्ख़ास्त कर दिया था जिसमें दो पुलिस अधिकारी शामिल हैं.

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने भी सांप्रदायिक हिंसा की सही जानकारी पाने के लिए एक जाँच आयोग की टीम को कंधमाल भेजने का फ़ैसला किया है.

कंधमाल ज़िले में हुई हिंसा में कई लोगों की मौत हो गई थी.