बुधवार, 02 जनवरी, 2008 को 13:51 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान चुनाव आयोग ने कहा है कि देश में आठ जनवरी को होने वाले आम चुनावों को स्थगित कर दिया है और अब ये चुनाव 18 फ़रवरी को होंगे.
मुख्य चुनाव आयुक्त काज़ी मोहम्मद फ़ारुख ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की नेता और पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद हिंसा को देखते हुए आठ जनवरी को चुनाव कराना संभव नहीं है.
उन्होंने कहा, "अब चुनाव के लिए मतदान आठ जनवरी की बजाय 18 फ़रवरी को होगा. '
उल्लेखनीय है कि 27 दिसंबर को पीपीपी नेता बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद के माहौल में चुनावों के बारे में भ्रम की स्थिति थी.
चुनाव आयोग ने कहा था कि चुनावों की तारीख़ के बारे में विभिन्न दलों से बातचीत कर के ही कुछ तय किया जाएगा.
हालांकि पीपीपी और नवाज़ शरीफ़ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज़) ने घोषणा कर दी थी कि वो चुनाव में हिस्सा लेना चाहते हैं.
चुनाव आयोग बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद लगातार हो रही हिंसा का हवाला देते हुए कहता रहा है कि आठ जनवरी को चुनाव कराने में मुश्किलें आ सकती हैं.
पाकिस्तान के विपक्षी दल ही नहीं, अमरीका ने भी कहा था कि अगर सुरक्षा का माहौल बनता है तो पाकिस्तान में नियत समय पर चुनाव कराने चाहिए.