http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 02 जनवरी, 2008 को 09:18 GMT तक के समाचार

'बेनज़ीर धांधली उजागर करने वाली थीं'

अमरीकी मीडिया का कहना है कि बेनज़ीर भुट्टो चुनाव में सरकार की तरफ़ से धांधली होने के कथित मंसूबे के बारे में एक दस्तावेज़ उसी रात दो अमरीकी सांसदों को देना चाहती थीं जिस रात उनकी हत्या कर दी गई.

अमरीकी कांग्रेस के ये दोनों सदस्य उस समय पाकिस्तान के दौरे पर थे.

पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की 27 दिसंबर को रावलपिंडी में हुई एक रैली के बाद हत्या कर दी गई थी.

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) ने दावा किया है कि 160 पन्नों के इस दस्तावेज़ में आरोप लगाया गया है कि मुशर्रफ़ सरकार ने बैलट पेपर में गड़बड़ी, उम्मीदवारों को धमकाने और आतंकवाद के ख़िलाफ़ जंग के लिए अमरीका से मिले संसाधनों का इस्तेमाल कर चुनावी नतीजों को बदलने की साज़िश रची थी.

पार्टी ने कहा है कि अमरीका की तरफ़ से आतंकवाद के ख़िलाफ़ जंग के लिए पाकिस्तान सरकार को जो संसाधन मिलते हैं उसका 90 फ़ीसदी इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों की जासूसी पर किया जा रहा है.

इस दस्तावेज़ में कहा गया है जहाँ कहीं भी विपक्षी उम्मीदवार मज़बूत स्थिति में है, उन इलाक़ों में मतदान केंद्रों पर विवाद खड़ा करने और ज़रूरत पड़े तो गोलियाँ चला कर मतदान को तीन-चार घंटे तक रुकवा देने की साज़िश रची गई.

पाकिस्तान सरकार ने इन आरोपों का खंडन किया है और इस दस्तावेज़ को बेबुनियाद क़रार दिया है.

राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के प्रवक्ता राशिद क़ुरैशी ने इन आरोपों को हास्यास्पद बताते हुए कहा है कि चुनाव पारदर्शी, निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से कराए जाएंगे.

पीपीपी के एक नेता ने बताया है कि ये दस्तावेज़ बेनज़ीर के कहने पर तैयार किया गया था और इसमें वो जानकारियाँ दर्ज की गई हैं जो ख़ुफ़िया विभाग और पुलिस सूत्रों से हासिल हुई थीं.

अमरीकी टेलीविज़न चैनल सीएनएन के मुताबिक बेनज़ीर भुट्टो के नज़दीकी रह चुके पीपीपी के नेता लतीफ़ खोसा ने कहा है कि बेनज़ीर भुट्टो अपनी हत्या की रात चुनाव में धांधली की साज़िश से संबंधित सबूत जारी करने जा रही थीं.

उनका कहना है कि इस दस्तावेज़ के ऊपर लिखा था 'जम्हूरियत के माथे पर एक और कलंक'.