मंगलवार, 01 जनवरी, 2008 को 02:16 GMT तक के समाचार
उत्तर प्रदेश के रामपुर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक शिविर पर हुए चरमपंथी हमले में सात सुरक्षाकर्मियों समेत आठ लोग मारे गए हैं और छह अन्य घायल हुए हैं.
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जयसवाल ने बीबीसी संवाददाता सुशीला सिंह को बताया - "चार आतंकवादियों में से दो तो भाग गए लेकिन ऐसी ख़बर है कि संभवत एक आतंकवादी अभी भी परिसर में है और मुठभेड़ चल रही है."
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जयसवाल ही रामपुर के लिए रवाना हो रहे है.
इससे पहले उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने दोपहर में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "यह एक आतंकवादी हमला था और हम अपील करते हैं कि केंद्र सरकार आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए हमें सहयोग दे."
उनका कहना था कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए वो कम है.
मुख्यमंत्री ने मारे गए लोगों के परिजनों को एक-एक लाख रुपए का मुआवज़ा देने की घोषणा की है.
'रात दो बजे हुआ हमला'
रामपुर रेंज के एएसपी केके पुष्कर ने बीबीसी को बताया कि चरमपंथियों ने तड़के तीन बजे सुरक्षा बलों के शिविर पर हमला किया.
रामपुर के ज़िलाधिकारी राम सजीवन ने बताया कि रात लगभग दो बजकर 45 मिनट पर सीआरपीएफ कैंप पर एके 47 राइफ़लों से हमला हुआ जिसमें सात सुरक्षाकर्मी मारे गए.
उन्होंने बताया कि सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक हमलावर के पैर में गोली लगी है. पुलिस के अनुसार चार हमलावर थे.
पुलिस का कहना है कि चरमपंथियों ने कैंप पर हमला कर आतंक फैलाने की कोशिश की है क्योंकि रामपुर से पूरे उत्तर भारत में सीआरपीएफ को हथियार और गोला बारूद की आपूर्ति की जाती है.
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश में चरमपंथी हमले बढ़ गए हैं.
बनारस, फ़ैज़ाबाद में इस तरह के हमले हुए हैं और अब छोटे-छोटे कस्बों को भी निशाना बनाया जा रहा है.