http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 01 जनवरी, 2008 को 20:17 GMT तक के समाचार

केंद्र सरकार ने हमले की रिपोर्ट माँगी

केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) के शिविर पर हुए हमले की विस्तृत रिपोर्ट माँगी है.

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने सीआरपीएफ़ पर हुए चरमपंथी हमले के लिए सीआरपीएफ़ की लापरवाही को ज़िम्मेदार ठहराया है.

ग़ौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के रामपुर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक शिविर पर हुए चरमपंथी हमले में सात सुरक्षाकर्मियों समेत आठ लोग मारे गए और छह अन्य घायल हुए थे.

केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने एक बयान जारी कर कहा है कि केंद्र सरकार उत्तर प्रदेश सरकार और सीआरपीएफ़ अधिकारियों के संपर्क में है और इस घटना के तथ्यों और परिस्थितियों के बारे में विस्तृत रिपोर्ट माँगी गई है.

पाटिल ने कहा है कि संबंधित अधिकारियों से तत्काल प्रभावी क़दम उठाने के लिए भी कहा गया है.

साथ ही गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल रामपुर के लिए रवाना हो गए थे.

दूसरी ओर हमले के बाद मायावती ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ख़ुफिया एजेंसियों और राज्य सरकार के बार बार आगाह किए जाने के बावजूद सीआरपीएफ़ ने सुरक्षा के लिए उचित क़दम नहीं उठाए.

राज्य सरकार ने रामपुर में हुए चरमपंथी हमले के बाद प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है और विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.

मायावती ने चरमपंथी हमले में मारे गए सुरक्षाकर्मियों के आश्रितों को एक- एक लाख रुपए सहायता देने की घोषणा की है.

रामपुर के ज़िलाधिकारी राम सजीवन ने बीबीसी को बताया कि मंगलवार को तड़के सीआरपीएफ़ कैंप पर हमला हुआ जिसमें सात सुरक्षाकर्मी मारे गए थे.

उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय में उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर चरमपंथी हमले हुए हैं.