सोमवार, 31 दिसंबर, 2007 को 10:30 GMT तक के समाचार
संदीप साहू
भुवनेश्वर से
उड़ीसा में पिछले गुरुवार को हुई हिंसा के सिलसिले में पुलिस ने छापे मार कर 20 लोगों को गिरफ़्तार किया है और बड़ी मात्रा में गैर लाइसेंसी हथियार भी बरामद किए हैं.
उड़ीसा के आईजी प्रदीप कपूर ने संवाददाताओं को बताया कि ब्राह्मणी गांव में छापे मारे गए और इन छापों के बाद यह कहा जा सकता है कि गुरुवार को हुई हिंसा में नक्सली भी शामिल थे.
पिछले हफ्ते उड़ीसा के कंधामल ज़िले में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं और ईसाई संगठनों के बीच झड़पें हुई थीं.
'नक्सली शामिल'
इसके बाद गुरुवार को ब्राह्मणी गांव के थाने पर और गांव वालों पर क़रीब डेढ़ हज़ार हथियारबंद लोगों ने हमला कर दिया था.
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन लोगों की मौत हो गई थी.
पुलिस का कहना है कि हमला करने वालों में ईसाई लोग शामिल थे लेकिन अब मिल रही जानकारी के अनुसार इसमें नक्सली भी थे.
पुलिस ने छापे मार कर 12 गैर लाइसेंसी बंदूकें बरामद की हैं और 20 लोगों को हिरासत में लिया है.
उल्लेखनीय है कि उड़ीसा के पिछड़े इलाक़ों में ईसाई संगठनों का ख़ासा प्रभाव है और अब विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठन इन ईसाई संगठनों को निशाना बना रहे हैं.