रविवार, 30 दिसंबर, 2007 को 12:28 GMT तक के समाचार
भारत और पाकिस्तान को जोड़ने वाली रेल सेवा समझौता एक्सप्रेस दो दिन तक स्थगित रहने के बाद फिर से शुरू गई है.
पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र रेल सेवा को रद्द कर दिया गया था.
भारतीय रेलवे के अतिरिक्त महानिदेशक (जनसंपर्क) अनिल सक्सेना ने बीबीसी को बताया कि भारतीय विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और पाकिस्तान सरकार से विचार-विमर्श के बाद ही रेल सेवा को फिर से बहाल किया गया है.
समझौता एक्सप्रैस दिल्ली से लाहौर तक चलती है. हालाँकि यात्रियों को अटारी (भारत) और वाघा (पाकिस्तान) के बीच सीमा पार करने के लिए ट्रेन बदलनी पड़ती है.
फ़ैसला
वैसे समझौता एक्सप्रेस के स्थगित होने से यात्रियो को कोई असुविधा नही हुई क्योंकि जितने दिन ट्रेन रद्द रही उन दिनो में ट्रेन का परिचालन नही होता.
27 दिसंबर को एक आत्मघाती हमले में बेनज़ीर भुट्टो की हत्या कर दी गई थी.
इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रेल और बस सेवा अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई थी.
लेकिन थार एक्सप्रेस के बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है.
थार एक्सप्रैस भारतीय प्रांत राजस्थान के बाड़मेर ज़िले में मुनाबाव से पाकिस्तानी प्रांत सिंध के खोखरापार के बीच चलती है.