शुक्रवार, 28 दिसंबर, 2007 को 08:21 GMT तक के समाचार
नारायण बारेठ
बीबीसी संवाददाता, जयपुर
बेनज़ीर भुट्टो की हत्या से उपजे हालात को देखते हुए भारत और पाकिस्तान के बीच चलने वाली थार एक्सप्रेस रेलगाड़ी रद्द कर दी गई है.
ये ट्रेन भारतीय प्रांत राजस्थान के बाड़मेर ज़िले में मुनाबाव से पाकिस्तानी प्रांत सिंध के खोखरापार के बीच चलती है.
जोधपुर मंडल के रेल पबंधक एसके सूद ने बताया कि पाकिस्तान रेलवे की तरफ़ से संदेश मिला है कि वहाँ हालात ठीक नहीं है इसलिए खोखरापार से ट्रेन नहीं आ सकती है.
इसे देखते हुए भारत ने भी इसका परिचालन अनिश्चित काल के लिए रद्द कर दिया है.
अधिकारियों का कहना है कि हालात सुधरने के बाद दोबारा ट्रेन संपर्क शुरु करने पर फ़ैसला लिया जाएगा.
यह ट्रेन हफ़्ते में एक बार दोनों देशों के यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुँचाती है.
ग़ौरतलब है कि रावलपिंडी में बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद पाकिस्तान के कई इलाक़ों में तनाव व्याप्त है और ख़ास कर उनके गृह प्रांत सिंध में हिंसा भी हुई है.