http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 28 दिसंबर, 2007 को 23:41 GMT तक के समाचार

पाकिस्तानः हिंसा में 30 से ज़्यादा मरे

पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद देश के कई हिस्सों में भड़की हिंसा में 30 से भी ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है.

उधर कई यूरोपीय और एशियाई देशों ने अपने नागरिकों को चेताया है कि पाकिस्तान की ताज़ा स्थितियों को देखते हुए वे वहाँ की यात्रा न करें.

कई देशों ने अपने नागरिकों को सचेत करते हुए कहा है कि बेनज़ीर भुट्टो की हत्या के बाद शुरू हुई हिंसा में तेज़ी आ सकती है.

इन देशों के जो लोग पहले से पाकिस्तान में मौजूद हैं उन्हें सलाह दी गई है कि वे पाकिस्तान में चुनाव प्रचार तक सार्वजनिक जगहों पर जाने से बचें.

हत्या के बाद हिंसा

एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि आगज़नी और झड़पों में सबसे ज़्यादा मौतें सिंध प्रांत में हुईं हैं. कराची शहर में दंगाइयो को देखते ही गोली मारने के आदेश सुरक्षा बलो को दे दिए गए थे.

पाकिस्तान के कई हिस्सों में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर अवरोध खड़े कर दिए और सरकार विरोधी नारे लगाए.

सिंध प्रांत में सैकड़ों बसों और ट्रकों को आग के हवाले कर दिया गया है जबकि हैदराबाद में प्रदर्शनकारियो को क़ाबू में करने के लिए पुलिस को गोलियाँ चलानी पड़ी.

कराची और मुल्तान शहरों में बैंक और अन्य प्रतिष्ठानो को लूटे जाने की ख़बर है जबकि राजधानी इस्लामाबाद में लोग टायर जला कर अपना विरोध प्रकट कर रहे हैं.

स्वात घाटी में हुए एक बम विस्फोट में सत्ताधारी पार्टी के स्थानीय नेता और उनके तीन निजी सहायकों की मौत हो गई है.

इस इलाक़े में पाकिस्तान सेना पिछले काफ़ी समय से तालेबान का समर्थन प्राप्त चरमपंथियो के विरूद्ध संघर्ष कर रही है. हिंसा के मद्देनज़र पाकिस्तान के कईं शहरों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए है.