http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 28 दिसंबर, 2007 को 08:18 GMT तक के समाचार

बहराइचः विस्फोट से चार लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के बहराईच शहर में गुरूवार रात हुए विस्फोट में चार लोगो की मौत हो गई है. ये विस्फोट शहर के बीचोंबीच स्थित मलेरिया अस्पताल में हुआ और इसमें दो अन्य लोग झुलस कर घायल हुए हैं.

विस्फोट के कारणो की तलाश की जा रही है और घायलों को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

धमाका गुरूवार रात एक से डेढ़ बजे के बीच हुआ और इसकी गूंज एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी.

विस्फोट के बाद जब लोग घबराकर आस-पास के घरो से बाहर निकले तो उन्होंने देखा कि बाहर धुँआ फैला हुआ था.

पुलिस अधिकारी अभी तक ये पता नही कर पाए है कि विस्फोट किस रासायनिक पदार्थ से हुआ.

हालांकि घटना स्थल पर काले रंग का पदार्थ बिखरा हुआ है लेकिन किसी निष्कर्ष पर पहुँचने से पहले पुलिस विस्फोट का परीक्षण करने वाली टीम का इंतज़ार कर रही है.

उत्तर प्रदेश का बहराईच शहर नेपाल की सीमा से सटा है और वहाँ पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के सक्रिय होने का संदेह व्यक्त किया जाता रहा है.

घटना स्थल पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और वहाँ किसी को जाने की फ़िलहाल अनुमति नही है.