गुरुवार, 27 दिसंबर, 2007 को 17:13 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और मुस्लिम लीग (नवाज़) के नेता नवाज़ शरीफ़ के समर्थकों की एक रैली में गोलीबारी हुई है जिसमें कम से कम चार लोग मारे गए और तीन अन्य घायल हो गए.
यह रैली रावलपिंडी के नज़दीक एक स्थान पर आयोजित की जा रही थी.
उस रैली में नवाज़ शरीफ़ नहीं थे, हालाँकि उनका इस रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम था.
नवाज़ शरीफ़ ने इस गोलीबारी के लिए राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के समर्थकों को ज़िम्मेदार ठहराया है.
नवाज़ शरीफ़ के कार्यकर्ताओं ने इस हमले के लिए पाकिस्तान मुस्लिम लीग (क्यू) के समर्थकों को ज़िम्मेदार ठहराया है जो राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ की समर्थक है.
ख़बरों में कहा गया है कि नवाज़ शरीफ़ के समर्थक कुछ घरों पर चुनाव प्रचार के बैनर लगाने की कोशिश कर रहे थे कि तभी उन पर गोलियाँ चलाई गईं.
पार्टी के एक प्रवक्ता सादिक़ उल फ़ारूक़ ने कहा, "जब यह गोलीबारी हुई, उस समय नवाज़ शरीफ़ कुछ किलोमीटर की दूरी पर थे क्योंकि वह रैली में भाग लेने के लिए आ रहे थे."
ग़ौरतलब है कि पाकिस्तान में आठ जनवरी को आम चुनाव होने हैं और उसके लिए राजनीतिक गतिविधियाँ तेज़ हो गईं हैं. संवाददाताओं का कहना है कि इसके साथ ही हिंसा में भी तेज़ी हुई है.