मंगलवार, 25 दिसंबर, 2007 को 17:35 GMT तक के समाचार
अफ़गानिस्तान की सरकार ने संयुक्त राष्ट्र और यूरोपीय संघ के दो उच्च स्तरीय अधिकारियों को अफ़गानिस्तान छोड़ने के आदेश दिए हैं.
हालांकि दोनों संगठनों के अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि अफ़गानिस्तान प्रशासन के साथ कुछ ग़लतफ़हमी हुई है जिसके कारण ऐसे आदेश दिए गए हैं और जल्दी ही इन ग़लतफ़हमियों को दूर कर लिया जाएगा.
अफ़गानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई के प्रवक्ता हूमायूं हामिदज़ादा का कहना था ' दो विदेशी अधिकारियों को देश से बाहर जाने के आदेश दिए गए हैं और उनके अफ़गानी सहयोगियों को गिरफ्तार कर के मामले की जांच की जा रही है. '
इनमें से एक अधिकारी ब्रितानी हैं जबकि दूसरे अधिकारी आयरलैंड के हैं.
ये दोनों अधिकारी दक्षिणी अफ़गानिस्तान के हेलमंद प्रांत में तैनात थे जहां वो तालेबान के अलावा देश के अन्य कबीलों और गुटों से बैठकें कर रहे थे.
क़ाबुल में बीबीसी संवाददाता एलेस्टर लिटहैड का कहना है कि इन दोनों में से एक अधिकारी अफ़गानिस्तान में यूरोपीय संघ के मिशन के प्रमुख हैं जो अफ़गानिस्तान के कई गुटों से बातचीत कर रहा है.
संगठनों के अनुसार इन अधिकारियों का काम देश में सक्रिय विभिन्न गुटों, सरकारी प्रतिनिधियों , कबीलों और गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर के ज़मीनी स्थिति का पता लगाना है.
अधिकारियों का कहना है कि इन अधिकारियों की तालेबान से बातचीत को तालेबान के लिए समर्थन नहीं माना जाना चाहिए.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि ' स्थिति अधिकारियों के नियंत्रण में नहीं रही है और किसी को उम्मीद नहीं थी कि ऐसा होगा.'
अधिकारियों का कहना है कि दोनों अधिकारियों के ख़िलाफ़ इस आदेश को वापस करने के लिए कूटनीतिक चर्चाएं हो रही हैं और स्थिति पर नियंत्रण करने की पूरी कोशिश की जा रही है.