रविवार, 23 दिसंबर, 2007 को 10:39 GMT तक के समाचार
गुजरात विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की जीत को मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'पॉज़िटिव वोट' यानी सकारात्मक वोट बताते हुए कहा है कि गुजरातियों ने 'नकारात्मकता को नकार दिया' है.
नतीजे आने के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, "ये पॉज़िटिव वोट है, पार्टी को दाबारा सत्ता में लाने के लिए. अनेक तरह के प्रचार, तरकीबों और शब्द-प्रयोगों के इस्तेमाल के बावजूद गुजरात की जनता ने नकारात्मकता को नकार दिया है."
सभी गुजरातियों का धन्यवाद करते हुए उनका कहना था कि ये साढे पाँच करोड़ गुजरातियों की जीत है.
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और केंद्रीय नेतृत्व का भी धन्यवाद किया.
संवाददाता सम्मेलन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बार-बार 'भारत माता की जय' के नारे लगवाए और कहा, "ये चुनावी नतीजा नम्रता और विवेक का संदेश लेकर आता है. मैं साढ़े पाँच करोड़ गुजरातियों की सुख, शांति और विकास के लिए काम करुँगा."
'गुजरात विरोधी ताकतों के बावजूद'
संवाददाता सम्मेलन में उनका कहना था, "चुनाव में गुजरात विरोधी ताकतों के प्रयासों के बावजूद, भाजपा के मंत्र - जीतेगा गुजरात को बल मिला है."
उनका कहना था कि लगातार पाँचवीं बार गुजरात में भाजपा को जीत मिली है और हर बार लगभग दो-तिहाई सीटें मिली हैं.
उन्होंने गुजरात के भीतर और विदेशों में बसे गुजरातियों से आहवान किया कि वे गुजरात को आगे बढ़ाने में उनका सहयोग करें.
उनका कहना था कि उन्हें प्रधानमंत्री और अन्य लोगों की बधाई के संदेश भी मिले हैं.
लेकिन उन्होंने संवाददाताओं के प्रश्नों के जवाब न देते हुए सभी का धन्यवाद करते हुए अपने संवाददाता सम्मेलन को समाप्त कर दिया.