http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 21 दिसंबर, 2007 को 14:53 GMT तक के समाचार

आत्मघाती हमले में 50 से ज़्यादा मारे गए

पाकिस्तान में पेशावर के निकट हुए एक आत्मघाती बम हमले में 50 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है. धमाका एक मस्जिद में हुआ.

यह मस्जिद पाकिस्तान के गृह मंत्री आफ़ताब ख़ान शेरपाओ के घर के परिसर में है.

उस समय वहाँ बकरीद के मौक़े पर क़रीब एक हज़ार लोग नमाज़ पढ़ने आए थे. इस धमाके में क़रीब 100 लोग घायल भी हो गए.

गृह मंत्री आफ़ताब शेरपाओ को बच गए लेकिन उनका एक बेटा धमाके में घायल हो गया है.

पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने धमाके की निंदा की है और इसे चरमपंथियों की विकृत मानसिकता बताया है.

क़रीबी

गृह मंत्री आफ़ताब शेरपाओ को राष्ट्रपति मुशर्रफ़ का काफ़ी क़रीबी माना जाता है.

अगले महीने होने वाले संसदीय चुनाव में आफ़ताब शेरपाओ भी अपनी क़िस्मत आज़मा रहे हैं. इस साल दूसरी बार उन पर हमला हुआ है.

पाकिस्तान में बकरीद के चलते सरकारी अवकाश भी है और बड़ी तादाद में लोग मस्जिदों में नमाज़ के लिए इकट्ठा हुए.

शुक्रवार की सुबह जिस वक्त यह धमाका हुआ उस वक्त मस्जिद के पास एक हज़ार से भी बड़ी तादाद में लोग बकरीद की नमाज़ पढ़ने आए हुए थे.

पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के क़रीबी माने जाने वाले शेरपाओ पर पिछले आठ महीनों के दौरान यह दूसरा हमला है.

शेरपाओ अगले महीने होने वाले चुनावों में अपने क्षेत्र से संसद के लिए प्रत्याशी के तौर पर चुनाव मैदान में हैं.