सोमवार, 17 दिसंबर, 2007 को 18:33 GMT तक के समाचार
श्रीलंका रक्षा मंत्रालय के मुताबिक देश के उत्तरी हिस्से में सेना और तमिल लड़ाकों के बीच जारी संघर्ष में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई है.
जानकारी के मुताबिक सेना और एलटीटीई के लड़ाकों के बीच भीषण संघर्ष अभी भी जारी है.
सेना ने दावा किया है कि उत्तरी ज़िले वावुनिया में सेना की कार्रवाई में 16 तमिल विद्रोहियों की मौत हो गई है.
इसके अलावा जाफ़ना प्रायद्वीप में सेना की कार्रवाई में रविवार को 15 एलटीटीई लड़ाकों के मारे जाने का दावा किया जा रहा है.
जाफ़ना में इस संघर्ष के दौरान दो नागरिकों के मारे जाने की भी ख़बरें आ रही हैं.
हालांकि तमिल विद्रोहियों की ओर से अभी तक इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं की गई है.
एलटीटीई बनाम सेना
हाल के दिनों में एलटीटीई और सेना के बीच संघर्ष में तेज़ी आ गई है.
ऐसे संकेत मिलते रहे हैं कि आने वाले महीनों में सरकार विद्रोहियों के ख़िलाफ़ व्यापक अभियान शुरू कर सकती है.
श्रीलंका के उत्तर-पूर्वी इलाके में स्वायत्तता की मांग कर रहे तमिल विद्रोहियों और श्रीलंका सेना के बीच वर्ष 1983 से चल रही लड़ाई में अब तक कम से कम 70 हज़ार लोग मारे जा चुके हैं.
नॉर्वे की मध्यस्थता से वर्ष 2002 में दोनों पक्षों के बीच युद्धविराम हुआ था लेकिन पिछले साल से झड़पें फिर शुरू हो गईं.
सेना और एलटीटीई के बीच संघर्षविराम टूटने के बाद फिर से शुरू हुई हिंसा में अब तक पाँच हज़ार से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.