शुक्रवार, 14 दिसंबर, 2007 को 09:52 GMT तक के समाचार
गुजरात में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए प्रचार का आज आख़िरी दिन है. कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है.
दूसरे चरण में मध्य और उत्तरी गुजरात की 95 सीटों के लिए 16 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे.
मतों की गिनती 23 दिसंबर को होगी.
प्रचार के आख़िरी दिन शुक्रवार को भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार घोषित किए गए लाल कृष्ण आडवाणी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं.
दूसरी ओर कांग्रेस के चुनाव प्रचार की कमान राहुल गांधी संभालेंगे जिनका दाहोद में 'रोड शो' निर्धारित है.
अंतिम चरण के लिए चुनाव प्रचार में मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पर प्रहार करने का कोई मौक़ा नहीं चूक रहे हैं.
13 दिसंबर को संसद पर हमले की सातवीं बरसी पर उन्होंने इस मामले में दोषी पाए गए अफ़ज़ल गुरु को फांसी देने में हो रही देरी का मुद्दा एक बार फ़िर उठाया.
आदिवासी पहलू
दूसरे चरण में जिन सीटों के लिए मतदान होने हैं उनमें से कई सीटों पर आदिवासी मतों की अहम भूमिका होगी.
कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में ग़रीबों को मुफ़्त टेलीविज़न, अनाज, मिट्टी तेल, कपड़े बांटने की घोषणा कर इस मतदाता वर्ग को रिझाने की कोशिश की है.
बीबीसी संवाददाता अविनाश दत्त ने पंजहमल और दाहोद का दौरा किया है और उनका कहना है कि यहाँ की 13 सीटों पर कांग्रेस के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है क्योंकि इन सभी पर पिछले चुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की थी.
उनका कहना है कि कांग्रेस अपने प्रदर्शन में सुधार की उम्मीद तो कर रही है लेकिन उसकी आशा का अकेला सहारा भाजपा में बग़ावत है.
गोधरा कांड और उसके बाद हुए दंगों से संबंधित मामलों में लगभग सात सौ लोगों पर मुक़दमा चल रहा है और ये सभी भाजपा के समर्थक माने जाते थे लेकिन मुक़दमा शुरू होने के बाद सरकार की उपेक्षा से नाराज़ चल रहे हैं.