http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 14 दिसंबर, 2007 को 05:46 GMT तक के समाचार

ट्रेन-बस की टक्कर में 19 मारे गए

पंजाब के मोगा ज़िले में एक मिनी बस और ट्रेन के बीच हुई टक्कर में कम से कम 19 लोग मारे गए हैं.

दुर्घटना में दस से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं जिन्हें आस-पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.

मिनी बस के यात्रियों में अधिकतर कॉलेज के छात्र और शिक्षक थे.

मोगा पुलिस का कहना है कि दुर्घटना अजितवाल और जगराँव स्टेशन के बीच नुचुर चक गाँव में एक रेलवे क्रॉसिंग पर हुई.

उस समय घना कोहरा छाया हुआ था और बसचालक यह देख नहीं सका कि तेज़ी से आ रही लुधियाना-फ़िरोज़पुर सतलज एक्सप्रेस रेलवे क्रॉसिंग से होकर गुजर रही है.

हालाँकि रेलवे फाटक बंद था लेकिन बस की गति भी तेज़ थी और यह फाटक तोड़ कर ट्रेन से टकरा गई.

रेलवे कॉसिंग पर अक्सर कम चौकसी रहती है और अपर्याप्त सुरक्षा उपायों के लिए रेलवे की अक्सर आलोचना भी की जाती है.

हर साल 300 के आसपास रेल दुर्घटनाएँ होती हैं.

पिछले साल दिसंबर में ही पंजाब में मुकेरियाँ में दो रेलों की सीधी टक्कर में 36 लोगों की जानें गई थीं.