http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 10 दिसंबर, 2007 को 19:03 GMT तक के समाचार

मूसा क़ला तालेबान के क़ब्ज़े से मुक्त

चार दिनों की बमबारी और भीषण लड़ाई के बाद नैटो और अफ़ग़ान सैनिकों ने दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान के मूसा क़ला शहर को तालेबान से मुक्त करा लिया है.

अफ़ग़ान और नैटो की अगुआई में अंतरराष्ट्रीय सेना मूसा क़ला में प्रवेश कर गई है.

सोमवार रात को अफ़ग़ान सेना के कमांडर ने बताया कि उनके जवान शहर के बीचोबीच पहुंचने वाले हैं.

दूसरी ओर तालेबान लड़ाकों का कहना है कि वो जानबूझ कर पीछे हट गए हैं ताकि शहर में और लोगों की जानें न जाए.

बीबीसी संवाददाता का कहना है कि तालेबान आगे भी इस शहर पर फिर नियंत्रण कायम करने की कोशिश कर सकते हैं.

शहर पर क़ब्ज़े की कार्रवाई शुक्रवार को शुरू हुई थी जिसमें अफ़ग़ान, ब्रिटिश और अमरीकी सेनाओं ने हिस्सा लिया.

ब्रितानी सेनाओं ने 2006 में भारी संघर्ष के बाद मूसा क़ला पर कब्ज़ा कर लिया था.

लेकिन क़बायली नेताओं के हस्तक्षेप के बाद तालेबान लड़ाकों को रास्ता देने संबंधी एक विवादास्पद समझौते के बाद सेनाएँ पीछे हट गईं थीं.

इस साल फ़रवरी में तालेबान लड़ाके फिर वहाँ आ गए और उन्होंने वहाँ मोर्चा जमा लिया.

ये इलाक़ा अफीम के व्यापार का केंद्र भी है और अब दोनों पक्षों के लिए ये प्रतीकात्मक महत्व का केंद्र बन गया था.