रविवार, 09 दिसंबर, 2007 को 14:21 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि स्वात घाटी में एक आत्मघाती हमले में छह लोग मारे गए हैं.
पुलिस चौकी पर हुए इस हमले में एक पुलिसकर्मी और दो बच्चों की मौत हुई है.
प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता ने एएफ़पी को बताया, "हमलावर ने अपनी कार को चौकी से टकरा दिया और फिर ख़ुद को उड़ा दिया."
यह हमला घाटी के कबाल ज़िले के पास हुआ जो इस्लामी चरमपंथियों के इमाम देहरी के पूर्व मुख्यालय के पास है.
हमला
सेना के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि हमलावर एक गाड़ी में सवार था. पुलिस चौकी के पास पहुंचने के बाद उसने धमाका कर दिया.
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही स्वात घाटी में पाकिस्तानी सेना के कमांडर मेजर जनरल नसीर जानुजा ने दावा किया था कि इस्लामी चरमपंथियों को घाटी से उत्तर को ओर खदेड़ दिया गया है और इस सैन्य अभियान में 290 चरमपंथी मारे गए हैं.
वहीं चरमपंथियों ने कहा था कि वे खुद पीछे हट गये हैं.
स्वात घाटी में ताज़ा हमले के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है.
साथ ही चरमपंथियों ने स्थानीय लोगों को चेतावनी दी है कि वे सुरक्षा
बलों के साथ सहयोग न करें और अपनी जान की सलामती के लिए उनके अड्डों और चौकियों से दूर रहें.