मंगलवार, 04 दिसंबर, 2007 को 12:14 GMT तक के समाचार
नंदीग्राम के मुद्दे पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य के बयान पर उठे विवाद के बाद मंगलवार को उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं कहना चाहिए था.
"मैं ने कहा था कि उन्होंने जैसा किया वैसा भरा. लेकिन मुझे ऐसा नहीं कहना चाहिए था क्योंकि अब मैं सभी लोगों के लिए शांति चाहता हूँ.", दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बुद्धदेब भट्टाचार्य ने कहा.
पिछले महीने नंदीग्राम में सीपीएम के समर्थकों और भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति के सदस्यों के बीच संघर्ष में कई लोगों की जानें गई थी. पिछले कई महीनों से नंदीग्राम में तनाव की स्थिति है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदीग्राम एक राजनीतिक और प्रशासनिक विफलता थी. हमने नंदीग्राम की घटना से सबक लिया है.
उन्होंने कहा कि नंदीग्राम की घटना का प्रभाव राज्य में होने वाले निवेश पर नहीं पड़ेगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदीग्राम के मुद्दे पर उन्होंने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से बात की और वहाँ धीरे-धीरे सामान्य हो रही स्थिति के बारे में उन्हें बताया.
उन्होंने कहा कि नंदीग्राम से बाहर कर दिए लोग अपने घर को लौट रहे हैं.