शनिवार, 01 दिसंबर, 2007 को 11:07 GMT तक के समाचार
गुजरात में विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से जारी किए गए एक विज्ञापन पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है और इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए इसकी शिकायत चुनाव आयोग में दर्ज कराई है.
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता अर्जुन मोधवाडिया ने बताया, "मैंने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर शिकायत की है कि भाजपा ने गोधरा रेल आगज़नी कांड पर विज्ञापन जारी कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है."
मोधवाडिया ने कहा, "मैंने पत्र में लिखा है कि गोधरा रेल आगज़नी काँड के कई मामले अभी चल रहे हैं, कुछ मामलों की जांच एक आयोग कर रहा है. ऐसे में भाजपा ने इस तरह का विज्ञापन जारी कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है."
उन्होंने बताया कि मैंने चुनाव आयोग से इसके ख़िलाफ़ क़दम उठाने को कहा है.
भाजपा का पक्ष
कांग्रेस की इस शिकायत के बाद भाजपा नेता और चुनावों के लिए गुजरात के प्रभारी अरुण जेटली ने भी चुनाव आयोग को पत्र लिखकर भाजपा का पक्ष रखा है.
जेटली ने अपने पत्र में लिखा है, "यह संविधान की धारा-19 (1) के तहत किसी भी राजनैतिक मुद्दे पर अपना विचार व्यक्त करने का भाजपा का संवैधानिक अधिकार है."
जेटली ने बताया है कि इस 'राजनैतिक' विज्ञापन' में रेल मंत्री द्वारा बनाई गई जस्टिस यू सी बनर्जी समिति का हवाला दिया गया है.
इस समिति ने यह निष्कर्ष निकाला था कि साबरमति एक्सप्रेस में आग अंदर से लगी थी और इस मामले में अभियुक्त बनाए गए लोगों की इसमें कोई भूमिका नहीं थी.
अहमदाबाद स्थित एक संगठन न्यू सोशलिस्ट मूवमेंट (एनएसएम) ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर “जीतेगा गुजरात” शिर्षक वाला विज्ञापन पर प्रकाशित करने पर भाजपा पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है.