असम सरकार ने पिछले महीने आदिवासियों और स्थानीय लोगों के बीच हुई हिंसक झड़पों की सीबीआई से जांच कराने की सिफ़ारिश की है.
असम में पिछले महीने आदिवासियों और आम लोगों के बीच हुए हिंसक झड़पों में तीन लोग मारे गए थे और तीन सौ से अधिक लोग घायल हुए थे.
समाचर एज़ेंसियों के अनुसार मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "प्रदेश सरकार ने दोषियों का पता लगाने के लिए इस मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जाँच कराने का निर्णय लिया है."
उन्होंने कहा, "मैं कोई बात छिपाना नहीं चाहता, इस मामले में पुलिस से निश्चित रूप से चूक हुई है."
गोगोई ने कहा, "आदिवासियों ने इस मामले की सीबीआई से जाँच कराने की मांग की थी. घटना की तह में जाकर जाँच करने के लिए सीबीआई के पास एक तंत्र है."
उन्होंने कहा, "मैं देखूंगा कि सीबीआई इस जांच को अपने हाथ में ले और जितना जल्द हो सके मामले की जाँच करे."
तरुण गोगोई ने कहा कि हिंसक झड़पों को सरकार को बदनाम करने और दो समुदायों के बीच झगड़ा कराने की राजनैतिक साज़िश के तहत अंजाम दिया गया.