शनिवार, 01 दिसंबर, 2007 को 08:27 GMT तक के समाचार
एड्स दिवस के मौके पर आम लोगों के बीज जागरूकता लाने की मुहिम में बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ट्रस्ट ने भारत में एक प्रतियोगिता की शुरुआत की है.
भारत में क़रीब 25 लाख लोग एचआईवी से जूझ रहे हैं. देश के दक्षिणी हिस्सों के लोगों में एचआईवी के संक्रमण की दर सबसे ज़्यादा है.
सेक्स पर बातें
पाँच करोड़ से भी ज़्यादा लोगों को लक्ष्य बनाकर शुरू की गई इस प्रतियोगिता में लोगों को सुलझाने के लिए पहेली मिलेगी.
मक़सद है कि पहेली को हल करने के क्रम में लोग अपने दोस्तों से सेक्स पर खुलकर बात कर सकें.
यह प्रतियोगिता एचआईवी के फैलाव को रोकने की बीबीसी विश्व वर्ल्ड सर्विस की विश्वव्यापी मुहिम का हिस्सा है.
भारतीय अभियान की निदेशक राधरानी मित्रा कहती हैं, "हमारा लक्ष्य आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के 15 से 59 वर्ष उम्र वाले लोग हैं."
जागरूकता अभियान की ओर ध्यान खींचने के लिए टीवी, रेडियो, सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल और समुद्रतट के किनारे प्रचार सामग्रियाँ लगाई गई हैं.
जो बोला वही सिकंदर
लोगों को जागरूक करने वाले बीबीसी के इस अभियान की पहचान के तौर पर एनिमेटेड तोते को चुना गया है.
लगातार बोलने, सीखने, समझने और बुद्धिमानी वाले गुण को देखते हुए इस तोते को अभियान के चिह्न को तौर पर आगे लाया गया है.
अभियान का नारा है, "जो बोला वही सिकंदर". यानी एड्स और सेक्स जैसी बातों पर ज़्यादा से ज़्यादा बातें रखने वाला ही विजेता होगा.
भारत में बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ट्रस्ट के निदेशक वोन्ने मैकफ़ेर्सन कहते हैं, "हमारा भरोसा है कि विज्ञापनों में दी गई पहेली ख़ासी रोचक है. इसे सुलझाने के लिए लोगों को अपने दोस्तों से बात करनी होगी."
एचआईवी और एड्स को लेकर बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ट्रस्ट के इस अभियान को बिल और मिलिंडा गेट्स फ़ाउंडेशन से आर्थिक सहायता मिल रही है.