http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 29 नवंबर, 2007 को 10:25 GMT तक के समाचार

संजय दत्त जेल से रिहा हुए

सुप्रीम कोर्ट से ज़मानत मिलने के दो दिनों बाद अभिनेता संजय दत्त रिहा हो गए हैं.

यरवदा जेल से गुरुवार सुबह संजय दत्त रिहा हुए और सीधे पुणे हवाई अड्डे पहुँचे.

वहाँ से विशेष विमान से वो मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं. संजय दत्त के साथ उनके दोस्त यूसुफ़ नलवाला भी थे.

टाडा अदालत ने 1993 में हुए मुंबई धमाकों के मामले में उन्हें छह साल की सज़ा सुनाई थी. वो आर्म्स एक्ट के तहत अवैध रूप से हथियार रखने के दोषी पाए गए थे.

इस फ़ैसले को संजय दत्त और दोषी ठहराए गए कई अन्य लोगों ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी हुई है.

ज़मानत याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को संजय दत्त और 15 अन्य को ज़मानत दे दी थी.

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले का निपटारा होने तक संजय दत्त को ज़मानत पर रिहा करने के आदेश दिए थे.

मुंबई में वर्ष 1993 में 12 बम धमाके हुए थे, जिनमें 257 लोग मारे गए थे और 700 से ज़्यादा लोग घायल भी हुए थे.

मुंबई धमाकों के संबंध में कुल 100 लोगों को दोषी ठहराया गया है. इनमें से 12 को मौत की और 20 को उम्र क़ैद की सज़ा दी गई है.