गुरुवार, 29 नवंबर, 2007 को 17:34 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने घोषणा की है कि विपक्षी पार्टियों के गठबंधन ने जनवरी में होनेवाले चुनावों का बहिष्कार का फ़ैसला किया है.
उन्होंने कहा कि इसमें बेनज़ीर भुट्टो सहित अन्य दलों के नेताओं को शामिल होने के लिए राज़ी करने की कोशिश की जाएगी.
नवाज़ शरीफ़ ने ऑल पार्टी डेमोक्रेटिक मूवमेंट की लाहौर में बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा,'' हम चुनावों का बहिष्कार कर रहे हैं.''
उनका कहना था,'' हम अन्य दलों को भी राज़ी करने की कोशिश करेंगे ताकि बहिष्कार अधिक प्रभावी बन सके.''
उन्होंने बताया कि जल्द ही बेनज़ीर भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी और अन्य विपक्षी दलों की एक बैठक आयोजित की जाएगी.
'इमरजेंसी हटेगी'
इसके पहले पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने असैनिक राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद कहा है कि 16 दिसंबर को इमरजेंसी हटा ली जाएगी.
उनका कहना था कि चुनाव पूर्व घोषणा के अनुसार आठ जनवरी को ही कराए जाएंगे और चुनावों को किसी भी सूरत में नहीं टाला जाएगा.
राष्ट्रपति मुशर्रफ़ ने पूर्व प्रधानमंत्रियों बेनज़ीर भुट्टो और नवाज़ शरीफ़ की पाकिस्तान वापसी का स्वागत किया.
साथ ही दोनों नेताओं के नाम लिए बिना उन्होंने कहा, " जो लोग चुनाव बहिष्कार की धमकी दे रहे हैं उन्हें समझ लेना चाहिए कि चुनाव किसी भी सूरत में नहीं टाले जाएँगे और आठ जनवरी को नई सरकार के लिए चुनाव हो जाएंगे."
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में लोकतंत्र बहाली का आख़िरी दौर चल रहा है और इसमें कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी.