बुधवार, 28 नवंबर, 2007 को 05:34 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में एक आत्मघाती हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं. हमलावर एक महिला थी.
यह महिला श्रीलंका के समाज कल्याण मंत्री डगलस देवानंद के कार्यालय में प्रवेश करना चाहती थी लेकिन जब उसे रोक दिया गया तो उसने अपने आपको उड़ा लिया.
मारा गया व्यक्ति मंत्री का निजी सचिव है और घायल सुरक्षा कर्मी हैं.
अधिकारियों ने इस विस्फोट के लिए तमिल विद्रोहियों को दोषी ठहराया है.
यह हमला तमिल विद्रोहियों के नेता वेलुपिल्लई प्रभाकरण के उस बयान के एक दिन बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तरी हिस्से में लड़ाई बढ़ने के बाद शांति की संभावना नहीं है.
मंगलवार को ही तमिल विद्रोहियों ने आरोप लगाया था कि उत्तरी इलाक़े में सेना के एक हमले में कम से कम 20 लोग मारे गए जिसमें से ज़्यादातर बच्चे थे.
बुधवार की सुबह हुए हमले में मंत्री तो सुरक्षित बच गए हैं लेकिन उनके निजी सचिव की मौत हो गई है और दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं.
रॉयटर्स समाचार एजेंसी ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा है, "यह एलटीटीई का का आत्मघाती हमला था."