रविवार, 25 नवंबर, 2007 को 23:37 GMT तक के समाचार
सोमवार तड़के दिल्ली और इसके आस-पास के इलाक़ों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं. रॉयटर्स के मुताबिक इंडोनेशिया में भी तेज़ भूकंप आया है.
मौसम विभाग ने बीबीसी को बताय है कि रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.3 आँकी गई है जिसका केंद्र दिल्ली-हरियाणा सीमा पर था.
अभी तक जान-माल के नुकसान की ख़बर नहीं है.
दिल्ली और आस-पास के इलाक़ों में सुबह चार बज कर 42 मिनट पर झटके महसूस किए गए.
भूकंप ऐसे समय आया जब अधिकतर लोग सो रहे थे और लोग तुरत अपने-अपने घरों से बाहर निकलने लगे.
इसकी तीव्रता का पता लगाया जा रहा है.
भूकंप के झटके कुछ सेकेंडों तक महसूस किए गए. इस दौरान तेज़ आवाज़ भी सुनाई दी.
घरों और कार्यालयों में ज़रूरी सामान इधर-उधर बिखर गए और दरवाजे हिलने लगे.
दिल्ली के अलावा गाज़ियाबाद, गुड़गाँव, फ़रीदाबाद और मेरठ में भी झटके महसूस किए गए.
उधर इंडोनेशिया में कुछ ही घंटों के भीतर सोमवार तड़के दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए.
रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.8 आँकी गई. इसका केंद्र सुम्बावा द्वीप में था.