शनिवार, 24 नवंबर, 2007 को 11:27 GMT तक के समाचार
भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में आदिवासी लोगों के एक जुलूस में हिंसा भड़कने से अनेक लोगों के हताहत होने की ख़बरें मिली हैं.
यह जुलूस शनिवार को गुवाहाटी में निकल रहा था. पुलिस ने कहा है कि इस घटना के बाद गुवाहाटी और पास के दिसपुर शहर में कर्प़्यू लगा दिया गया है.
पुलिस ने कहा है कि आदिवासी छात्र संगठन ने गुवाहाटी के बोल्टोला इलाक़े में एक रैली का आयोजन किया था. यह इलाक़ा शहर के परिवहन का केंद्र माना जाता है.
रैली में अचानक हिंसा भड़क उठी और प्रदर्शनकारियों ने वाहनों को आग लगाना और असमी लोगों को पीटना शुरू कर दिया. लेकिन स्थानीय लोगों ने इसकी जवाबी कार्रवाई की जिससे प्रदर्शनकारियों और स्थानीय लोगों में लड़ाई भड़क उठी.
पुलिस ने कहा है कि इन झड़पों में अनेक लोगों के मारे जाने की ख़बर है लेकिन पुलिस ने इस बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं दी है.
असम सरकार के प्रवक्ता दिनेश डेका ने कहा, "हम स्थिति का पूरी तरह जायज़ा ले रहे हैं और ख़बर ये मिली है कि कुछ लोगों की मौत हुई है और अनेक को चोटें भी आई हैं."
आदिवासी छात्र संगठन ऐसे लोगों का संगठन है जो मध्य भारत से ब्रितानी राज में असम के चायबागानों में काम करने के लिए बुलाए गए थे.
आदिवासी छात्र संगठन की माँग है कि उन लोगों को भारतीय संविधान के तहत ही अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिया जाए क्योंकि उन्हें बिहार और झारखंड में भी अनूसूचित जनजाति का ही दर्जा हासिल है.
अगर इन लोगों को अनूसूचित जनजाति का दर्जा दे दिया जाता है तो उन्हें नौकरियों और शिक्षा क्षेत्र में काफ़ी लाभ मिल सकते हैं.