शनिवार, 24 नवंबर, 2007 को 17:58 GMT तक के समाचार
सुबीर भौमिक
बीबीसी संवाददाता
भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम में प्रदर्शन कर रहे आदिवासियों और स्थानीय लोगों के बीच हिंसक झड़पों में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और दो सौ से ज़्यादा घायल हुए हैं.
घायलों में 30 की हलात अत्यंत गंभीर बनी हुई है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गुवाहाटी में कर्फ़्यू लगा दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं.
आदिवासी छात्र संघ ने इस घटना के विरोध में सोमवार को असम बंद का आह्वान किया है.
आदिवासी उस समय हिंसा पर उतारू हो गए जब वे गुवाहाटी के बेलतला इलाक़े में पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुरूप सभा ख़त्म होने के बाद दिसपुर स्थित सचिवालय की ओर बढ़ रहे थे.
वे धनुष और कुल्हाड़ी जैसे हथियारों से लैस थे.
अचानक प्रदर्शनकारियों ने दुकानों में तोड़-फोड़ शुरू कर दी और कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया.
इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और प्रदर्शनकारी इधर-उधर भागने लगे.
इसके बाद स्थानीय लोगों ने भी एकजुट होकर प्रदर्शनकारी आदिवासियों को पीटना शुरू कर दिया.
इन आदिवासियों में अधिकांश संथाल जनजाति के थे जो कई वर्षों से अनुसूचित जनजाति का दर्जा दिए जाने की माँग कर रहे हैं.
ये ब्रिटिश राज के समय ही बिहार और झारखंड से मजदूरी के लिए यहाँ लाए गए थे और यहीं बस गए.
दूसरी ओर बिहार और झारखंड में संथालों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिला हुआ है.
जनजाति का दर्जा मिलने से इन्हें नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में आरक्षण का फ़ायदा मिलेगा.