शुक्रवार, 23 नवंबर, 2007 को 17:41 GMT तक के समाचार
रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ
उत्तर प्रदेश के तीन शहरों में हुए श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों की जाँच जारी है. फैज़ाबाद, वाराणसी और लखनऊ में हुए विस्फोटों में कम से कम 13 लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं.
इस बीच फैजाबाद अदालत परिसर में हुए धमाके के लिए ज़िम्मेदार एक संदिग्ध चरमपंथी का स्केच जारी किया गया है.
उधर लखनऊ पुलिस ने भी दो संदिग्ध चरमपंथियों का स्केच जारी किया है.
लखनऊ जोन के पुलिस महानिरीक्षक एके जैन ने यह जानकारी दी है. वह ख़ुद फैज़ाबाद पहुँच चुके हैं जहाँ वे आला पुलिस अधिकारियों के साथ एक बैठक कर रहे हैं.
अभी मुख्य ज़ोर अयोध्या के विवादास्पद धार्मिक परिसर की सुरक्षा पर दिया जा रहा है.
वर्ष 1992 में यहीं पर बाबरी मस्जिद को ढहाए जाने के बाद देश के कई हिस्सों में सांप्रदायिक हिंसा हुई थी जिनमें लगभग दो हज़ार लोग मारे गए थे.
विस्फोट की ज़िम्मेदारी
एक निजी टेलीविज़न चैनल को मिले ई-मेल के मुताबिक 'इंडियन मुजाहिदीन ' नामक संगठन ने इन विस्फोटों की ज़िम्मेदारी ली है.
ई-मेल में कहा गया है कि पिछले साल वाराणसी के संकोट मोचन मंदिर में हुए धमाकों, मुंबई की लोकल ट्रेनों में हुए धमाकों और इस साल हैदराबाद में हुए विस्फोटों को उसने अंजाम दिया था.
इस कथित ई-मेल में कहा गया है कि कुछ ही देर बाद उसके मुजाहिदीन उत्तर प्रदेश में धमाके करने वाले हैं.
हालाँकि आधिकारिक तौर पर इस संगठन के बारे में कुछ भी नहीं बताया गया है.
मुख्यमंत्री मायावती ने उम्मीद जताई है कि शनिवार तक विस्फोट के सुराग मिल सकते हैं.