http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 19 नवंबर, 2007 को 03:27 GMT तक के समाचार

तीन राज्यों में माओवादियों का बंद

माओवादियों ने नंदीग्राम में लोगों पर हुए कथित अत्याचार के ख़िलाफ़ बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है.

पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले में माओवादी विद्रोहियों ने रेलवे पटरी को बम से उड़ा दिया है जिससे सैंथिया और अंदाल रेलखंड पर यातायात बाधित हो गया.

बीबीसी संवाददाता सलमान रावी ने बताया है कि झारखंड में बंद शुरू होने से महज कुछ घंटों पहले सारंडा जंगल में माओवादियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है.

राज्य पुलिस प्रवक्ता राजकुमार मलिक ने बताया कि मुठभेड़ के बाद वहाँ से विस्फोटक और स्वचालित राइफ़लें बरामद की गई है.

उन्होंने बताया कि बंद के मद्देनज़र सभी ज़िलों के पुलिस अधीक्षकों को सतर्क कर दिया गया है.

राज्य में बंद का आंशिक असर दिख रहा है. राजधानी राँची में छोटे सार्वजनिक वाहन चल रहे हैं लेकिन राज्य के अधिकतर राष्ट्रीय राजमार्गों पर वाहन नहीं चल रहे हैं.

पूर्व में भी माओवादी राष्ट्रीय राजमार्गों और रेलवे को निशाना बनाते रहे हैं.

इसे देखते हुए रेल पटरियों की चौकसी के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को लगाया गया है.

भय का असर

उधर बिहार में भी राज्य प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित कर दिया है. पटना स्थित बीबीसी संवाददाता मणिकांत ठाकुर के मुताबिक पुलिस महानिदेशक आशीष रंजन सिन्हा ने संवेदनशील इलाक़ों में सुरक्षाबलों को सतर्क रहने के आदेश दिए हैं.

आशीष रंजन सिन्हा का कहना था कि नंदीग्राम के मामले से बिहार का कोई लेना-देना नहीं है लेकिन फिर भी बंद के आह्वान को देखते हुए पूरी चौकसी बरती जा रही है.

बिहार में माओवादियों के बंद को जनसमर्थन नहीं मिलता है लेकिन भय के कारण इसका असर दिखाई देता है.