रविवार, 18 नवंबर, 2007 को 23:42 GMT तक के समाचार
गुजरात में विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा ने रविवार को अपने प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित कर दी है.
पहले चरण में राज्य की 87 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है. इसमें से 74 सीटों के लिए पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं.
इन 74 नामों में पार्टी ने अपने 20 वर्तमान विधायकों को टिकट नहीं दिया है जिसे लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं.
हालांकि पार्टी का इस बारे में कहना है कि दो विधायक चुनाव ही नहीं लड़ना चाहते और पाँच विधायक ऐसे हैं जो बागी हो गए हैं इसलिए उन्हें टिकट देने का सवाल ही पैदा नहीं होता.
जानकार मानते हैं कि इस बार कुछ विधायकों को मोदी विरोध की क़ीमत टिकट न पाकर चुकानी होगी.
महिलाओं को मौका
वहीं पार्टी ने इसबार महिला प्रत्याशियों को भी अच्छी संख्या में शामिल किया है.
प्रत्याशियों के तौर पर 74 लोगों की सूची में 13 सीटें महिलाओं को दी गई हैं जिनमें से चार आदिवासी समुदाय की महिलाओं की दी गई हैं.
जानकार बताते हैं कि इस चुनाव में राज्य के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का ध्यान सौराष्ट्र से ज़्यादा गुजरात के आदिवासी मतदाताओं पर है क्योंकि आदिवासी मतदाताओं का रुख़ चुनावों में निर्णायक हो सकता है.
वहीं बताया जा रहा है कि पार्टी से असंतुष्ट विधायक और प्रत्याशियों की पहली सूची से बाहर रखे गए लोग कांग्रेस या उमा भारती की भारतीय जनशक्ति पार्टी के झंडे तले मैदान में उतर सकते हैं.
भाजपा पहले से ही राज्य में पार्टी की अंदरूनी कलह से रूबरू है. पार्टी के बड़े नेता और पूर्व मुख्यमंत्री केशूभाई पटेल ने पार्टी को छोड़ा तो नहीं है पर इस चुनाव में पार्टी की कोई मदद न करने की बात कही है.