रविवार, 11 नवंबर, 2007 को 17:47 GMT तक के समाचार
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन ने कहा है कि पाकिस्तान में इमरजेंसी लागू होने के बाद वहाँ की स्थिति को देखते हुए सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है.
रूस की यात्रा के दौरान विशेष विमान में पत्रकारों से बात करते हुए नारायणन ने कहा कि सीमा पार की स्थिति को देखते हुए घुसपैठ की आशंका के मद्देनज़र सीमा पर सतर्कता बढ़ाई गई है.
उन्होंने कहा कि भारत पड़ोसी देश में स्थिरता के पक्ष में हैं और उम्मीद करता है कि वहाँ लोकतंत्र की बहाली शांतिपूर्ण ढंग से होगी.
नारायणन का कहना था, "पाकिस्तान में जो कुछ भी हो रहा है, उससे हम काफी चिंतित हैं. हमनें पाकिस्तान से लगी सीमा की सुरक्षा कड़ी कर दी है."
उन्होंने कहा कि भारत सीमा पार से घुसपैठ रोकने के लिए हर संभव कदम उठाएगा.
पाकिस्तान की ताज़ा स्थिति पर प्रधानमंत्री के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत हमेशा पड़ोसी देश में स्थिरता के पक्ष में रहा है.
उनका कहना था, "हम स्थिर पाकिस्तान चाहते हैं. वहाँ अस्थिरता से समस्या और बढ़ जाती है और हमारी सीमा के भीतर चरमपंथी गतिविधियाँ भी बढ़ती है."
इस बीच पाकिस्तान के राष्ट्रपति जनरल परवेज़ मुशर्रफ़ ने देश में नौ जनवरी से पहले संसदीय चुनाव कराने की घोषणा की है.
इमरजेंसी लागू करने के बाद राष्ट्रपति मुशर्रफ़ को पश्चिमी देशों और घरेलू पक्ष पर लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है.