गुरुवार, 08 नवंबर, 2007 को 03:05 GMT तक के समाचार
श्रीलंका के उत्तर में सेना और तमिल विद्रोहियों के बीच भीषण लड़ाई हुई है जिसमें अनेक सैनिकों और विद्रोहियों के मारे जाने की ख़बर है.
दोनों पक्षों के बीच झड़प जाफ़ना प्रायद्वीप के मुहामलाई में हुई है और दोनो ही ओर से मृतकों की संख्या के बारे में विरोधाभासी बयान आए हैं जिनकी स्वतंत्र सूत्रों से पुष्टि नहीं हो पाई है.
ग़ौरतलब है कि जहाँ पर्यवेक्षक मान रहे हैं कि सेना और विद्रोही उत्तरी इलाक़े में भीषण युद्ध की तैयारी कर रहे हैं, वहीं सरकार ने संसद से अनुरोध किया है कि रक्षा खर्चे में 20 प्रतिशत वृद्धि को स्वीकृति दी जाए.
मृतकों की संख्या पर विवाद
मुहामलाई में बुधवार सुबह लड़ाई शुरु हो गई और एक बयान में कहा गया कि सेना ने विद्रोहियों के बीस बंकर ध्वस्त कर दिए.
सेना का कहना है, "एलटीटीई की ओर से मिलने वाली ताज़ा जानकारी के अनुसार 52 विद्रोहियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है."
सेना के अनुसार इस लड़ाई में ग्यारह सैनिक मारे गए हैं और 41 सैनिक घायल हो गए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं.
कुछ रिपोर्टों से संकेत मिले हैं कि मृतक सैनिकों की संख्या इससे काफ़ी ज़्यादा हो सकती है.
उधर विद्रोहियों का कहना है कि केवल एक लड़ाका और बीस सैनिक मारे गए हैं.
बीस प्रतिशत वृद्धि का अनुरोध
श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने बुधवार को संसद से आग्रह किया वह आगामी वर्ष के लिए रक्षा खर्चे में रिकॉर्ड वृद्धि को स्वीकृति दे.
उन्होंने रक्षा खर्चे के लिए डेढ़ अरब डॉलर की योजना की घोषणा की है जो रक्षा खर्चे में 20 प्रतिशत की वृद्धि होगी.
सरकारी टीवी पर प्रसारित राजपक्षे के भाषण में कहा गया, "हमारे पास आतंकवाद का सफ़ाया करने के अलावा कोई और विकल्प नहीं है.
तमिल विद्रोही श्रीलंका के उत्तर और पूर्वी क्षेत्र में स्वायत्ता चाहते हैं. देश में बीस साल से चल रही हिंसा में लगभग 70 हज़ार लोग मारे गए हैं.