http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 05 नवंबर, 2007 को 05:03 GMT तक के समाचार

अगवा पाकिस्तानी सैनिक रिहा हुए

पाकिस्तानी सेना का कहना है कि वज़ीरिस्तान में तालेबान समर्थक चरमपंथियों ने दो माह पूर्व बंधक बनाए गए दो सौ से अधिक सैनिकों को रिहा कर दिया है.

सैनिकों की रिहाई के प्रयास में जुटे एक मध्यस्थ ने बताया है कि इन सैनिकों की रिहाई के बदले पाकिस्तानी अधिकारी लगभग 30 चरमपंथियों को छोड़ने पर राजी हो गए.

इन चरमपंथियों में से कई आत्मघाती हमलावर माने जाते हैं.

सेना के एक प्रवक्ता ने सिर्फ़ इतना बताया कि स्थानीय अधिकारियों ने हिरासत में लिए गए कुछ क़बायली लोगों को रिहा किया है.

गत 30 अगस्त को दक्षिणी वज़ीरिस्तान में 300 सैनिकों को अगवा कर लिया गया था.

इनमें से 32 लोगों को बाद में रिहा कर दिया गया था लेकिन माँगे नहीं माने जाने पर चरमपंथियों ने कुछ सैनिकों की हत्या भी कर दी थी.

ऐसी ही तीन सैनिकों के शव पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाक़े से मिले थे.

इन सैनिकों को क़बायली नेता बैतुल्ला महसूद के समर्थकों ने अगवा किया था.

चरमपंथी इन्हें छोड़ने के बदले अपने कई साथियों की रिहाई की माँग कर रहे थे.