शुक्रवार, 02 नवंबर, 2007 को 14:15 GMT तक के समाचार
मोहम्मद फ़ैसल अली
बीबीसी संवाददाता, भोपाल
छत्तीसगढ़ के बीजापुर ज़िले में माओवादी विद्रोहियों ने पुलिस दल पर घात लगा कर हमला किया है.
जान बचाने में कामयाब हुए जवानों का कहना है कि हमले में 16 पुलिसकर्मी मारे गए हैं.
हालाँकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों का कहना है कि जब तक शव बरामद नहीं हो जाते, मृतकों की संख्या के बारे में निश्चित रूप से कुछ भी नहीं कहा जा सकता.
पुलिस गश्ती दल में कुल 23 जवान शामिल थे. इनमें से दो बीजापुर से ही लौट आए थे और पाँच हमले के बाद सुरक्षित निकल आए.
यह हमला राजधानी रायपुर से 550 किलोमीटर दूर बीजापुर ज़िले के पामेड के जंगलों में हुआ.
जान बचाने में कामयाब हुए पाँच जवान भी घायल हैं. उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने सबसे पहले बारूदी सुरंग का विस्फोट किया और उसके बाद गोलीबारी शुरू कर दी.
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आरके विज ने बीबीसी से बातचीत में हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना दोपहर लगभग तीन बजे हुई और इस मामले की छानबीन हो रही है.
उनका कहना था कि एक पुलिस दल घटनास्थल के लिए रवाना हो गया है.
ग़ौरतलब है कि बीजापुर ज़िले में ही इस सोमवार को पुलिस और नक्सलवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में पाँच पुलिसकर्मी मारे गए थे.
अधिकारियों ने उस समय बताया था कि मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी घायल भी हुए और बारह लापता हो गए.