गुरुवार, 01 नवंबर, 2007 को 10:56 GMT तक के समाचार
नोएडा के निठारी गाँव में बच्चों के साथ यौन दुराचार और हत्या के मामले में एक पीड़ित के परिजन की याचिका पर उच्चतम न्यायालय ने केंद्रीय जाँच ब्यूरो यानी सीबीआई को नोटिस जारी किया है.
ग़ौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में निठारी में एक बंगले के पीछे से कई बच्चों और महिलाओं के कंकाल मिले थे. इसके बाद इस मामले की जाँच सीबीआई को सौंप दी गई थी.
एक पीड़ित की माँ का आरोप है कि सीबीआई इस मामले में आरोपी मोनिंदर सिंह पंधेर को बचाने की कोशिश कर रही है.
बंदना सरकार ने उच्चतम न्यायालय में याचिका दाखिल कर दावा किया है कि आरोपी को बचाने के लिए उनके पति जतिन सरकार की कथित रूप से हत्या कर दी गई.
बंदना सरकार के अनुसार, जतिन के पास पंधेर का इक़बालिया बयान था.
बंदना सरकार की बेटी पिंकी के साथ पंधेर और उसके नौकर सुरेंद्र सिंह कोली ने कथित रूप से बलात्कार करके उसकी हत्या कर दी थी.
मामला
पिछले साल दिल्ली से सटे नोएडा के निठारी गाँव में एक घर के पीछे नाले से कई बच्चों के कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी.
निठारी के लोगों के मुताबिक पिछले कुछ महीनों में आसपास से 40 बच्चे लापता हो चुके हैं.
सीबीआई को भी अपनी खोजबीन के दौरान मानव हड्डियों के कुछ हिस्से और 40 ऐसे पैकेट मिले जिनमें मानव अंगों को भरकर नाले में फेंक दिया गया था.
पुलिस का कहना है कि हत्या से पहले सभी का यौन शोषण किया गया था. सीबीआई ने इस सिलसिले मे कुल 19 मामले दर्ज किए हैं.
सीबीआई ने पायल की हत्या के मामले में मोनिंदर सिंह पंधेर, उनके नौकर सुरेंद्र कोली और एक महिला पुलिसकर्मी को अभियुक्त बनाया है.
इस मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने मोनिंदर सिंह पंधेर के ख़िलाफ़ हत्या और बलात्कार के आरोप तय किए हैं.
जबकि जांच एजेंसी ने पिंकी सरकार के अपहरण, बलात्कार और हत्या के मामले में सुरेन्द्र कोली के ख़िलाफ़ विशेष अदालत में यह आरोपपत्र दाखिल किया.